Rampur News: तीन भाइयों के तीन कमरों से 9 लाख की चोरी, महिलाओं का रो रो कर बुरा हाल

रामपुर जिले के मिलक कोतवाली क्षेत्र में घरों में चोरियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अज्ञात चोरों ने तीन भाइयों के कमरे से लाखों रुपयों के कीमती आभूषण, कपड़े व बर्तनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी से महिलाओं का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली क्षेत्र के गंगापुर जदीद गांव निवासी जगपाल,कृपाल व राजपाल (तीनों भाई) रुद्रपुर में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं। रविवार को राजपाल अपनी पत्नी व बच्चों के साथ गांव पहुंचे। मेन गेट का ताला खोला और अंदर जाकर देखा तो तीनों भाइयों के कमरों के ताले टूटे हुए थे तथा दरवाजे खुले हुए थे। कमरों में देखा तो तीनों कमरों में समान बिखरा पड़ा था तथा कमरों में रखे संदूक व अलमारियों खुली हुयी थीं। बक्सों व अलमारियों में रखे सोने चांदी के जेवरात, गर्म कपडे बर्तन गायब थे। चोरी की घटना से दोनों पति पत्नी स्तब्ध रह गए। राजपाल ने चोरी की घटना की सूचना पुलिस व अन्य दो भाइयों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और कार्रवाई हेतु तहरीर देने को कहा। तीनो की पत्नियों के रो रोकर बुरा हाल है। राजपाल की पत्नी फूलावती ने बताया कि सर्दी के चलते वह रविवार को अपने व बच्चों के गर्म कपडे लेने गांव आयी थी। लेकिन अज्ञात चोरों ने उनके मकान में चोरी को अंजाम दे दिया। तीनों भाइयों ने सयुक्त रूप से कोतवाली मिलक में तहरीर दी। तहरीर में लिखा है कि वे तीनों भाई रुद्रपुर में रहते हैं। शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने उनके तीनो कमरों के ताले तोड़कर चोरी कर ली। तीनो के कमरों से सोने चांदी के आभूषण, कपड़े, बर्तन व अन्य सामान चोरी हुआ है। जिसकी कीमत करीब नौ लाख रुपये है।