यूडीएसपी पोर्टल पर ग्राम मढियान निवासी ओमप्रकाश के डेंगू पॉजिटिव होने की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला मलेरिया अधिकारी संजय सिंह चौहान के नेतृत्व में गांव पहुंचकर निरोधात्मक कार्रवाई की। परिजनों के अनुसार, ओमप्रकाश करीब एक सप्ताह पहले मथुरा से रामपुर आए थे और वहीं से बुखार से पीड़ित थे। पटवाई के निजी क्लीनिक में उपचार के बाद राहत न मिलने पर उन्हें 21 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई और उनका उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज के घर के आसपास 15 घरों की जांच कर पानी जमा होने वाले स्थानों की सफाई कराई और मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव किया। बुखार के लक्षण वाले 10 लोगों की जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। टीम ने ग्रामीणों को मच्छरदानी का प्रयोग करने, पानी जमा न होने देने और कूलर व फ्रिज की पानी की ट्रे की साप्ताहिक सफाई करने की सलाह दी। ग्राम प्रधान को भी गांव में नियमित साफ-सफाई और दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए।
The Menu of this blog is loading..........
